धमतरी, 11 नवम्बर 2025/sns/- मुख्यमंत्री बैगा, गुनिया एवं हठजोड़ सम्मान योजना (अनुसूचित जनजाति) 2025 लागू किया गया है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि उक्त सम्मान योजना जनजाति बहुल ग्रामीण क्षेत्रों में वनौषधीय चिकित्सा संबंधी कार्य में संलग्न बैगा, गुनिया तथा हठजोड़ लोगां को परंपरागत चिकित्सा पद्धति जैसे वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहन करने, उनकी सेवा और भूमिका को मान्यता देने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस 15 नवंबर 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा किए गए घोषणा अनुरूप चिन्हित व्यक्ति को प्रति वर्ष 5 हजार रूपये सम्मान सह प्रोत्साहन निधि प्रदाय किए जाने का प्रावधान रखा गया है।
सहायक आयुक्त ने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों से अनुसूचित क्षेत्र के ग्रामों के बैगा, गुनिया तथा हठजोड़ जो कम से कम 30 वर्षों से अपनी सेवाएं स्थानीय क्षेत्र में दे रहे हैं तथा पीढ़ी दर पीढ़ी कम से कम 2 पीढ़ी से वनौषधीय चिकित्सा करते हों तथा वे पंजीकृत संस्था जैसे पादप औषधी बोर्ड, आयुष विभाग, वन विभाग एवं लघु वनोपज संघ से जुड़े हों, उनकी अनुमोदित सूची 12 नवंबर तक भेजने कहा है।

