छत्तीसगढ़

कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने लोहण्डीगुड़ा तहसील के टाकरागुड़ा में गिरदावरी सत्यापन का लिया जायजा


जगदलपुर, 03 नवम्बर 2025/sns/- कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह ने शनिवार को बस्तर जिले के लोहण्डीगुड़ा तहसील अंतर्गत टाकरागुड़ा में राजस्व एवं कृषि विभाग के अमले द्वारा किए जा रहे खरीफ फसल गिरदावरी सत्यापन कार्य का जायजा लिया और किसानों के क्षेत्राच्छादित फसल के अनुरूप रकबा का इंद्राज राजस्व रिकार्ड में दर्ज किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही फसल गिरदावरी सत्यापन के दौरान सम्बंधित किसानों की मौजूदगी भी सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने राजस्व रिकार्ड का भी बारीकी से निरीक्षण कर फसल गिरदावरी सत्यापन स्थिति का संज्ञान लिया। वहीं मौके पर उपस्थित बंगाराम, झिमटू, सोमारू आदि किसानों से रूबरू चर्चा कर फसल की स्थिति, समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने के लिए किसान पंजीयन एवं एग्रीस्टेक पंजीयन समेत फसल गिरदावरी सत्यापन के बारे में जानकारी ली। साथ ही ग्राम पटेल सुखराम नाग एवं कोटवार शिवराम बघेल को राजस्व के कार्यों में नियमित तौर पर सहयोग देने की समझाइश दी। उन्होंने कोटवार शिवराम बघेल से वर्दी एवं टार्च की उपलब्धता के बारे में पूछा। इस दौरान अवगत कराया गया कि खरीफ फसल गिरदावरी सत्यापन का कार्य आगामी 30 नवम्बर तक किया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम लोहण्डीगुड़ा श्री नीतिश वर्मा, तहसीलदार श्री कैलाश पोयाम सहित राजस्व एवं कृषि विभाग के मैदानी अमला मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *