छत्तीसगढ़

दलाल के चंगुल से छूटे 18 मजदूर बीजापुर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से कर्नाटक से सकुशल घर लौटे ग्रामीण


बीजापुर, 30 अक्टूबर 2025/sns/- ज्यादा मजदूरी और अच्छे काम का लालच देकर जिले के दो ग्राम पंचायतों कड़ेनार से 11 और घुमरा से 7 कुल 18 ग्रामीणों को एक दलाल सीनू श्रीनिवास अगस्त माह में तेलंगाना राज्य ले गया था। ग्रामीणों को यह व्यक्ति मजदूरी दिलाने के बहाने बाहर लेकर गया, लेकिन बाद में उनके साथ धोखाधड़ी की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, श्रमिक मनोज ताती ने बताया कि पहले इन मजदूरों को तेलंगाना के करीमनगर में काम कराया गया, फिर दलाल द्वारा महाराष्ट्र के नांदेड़ भेज दिया गया। इसके बाद वही दलाल सीनू श्रीनिवास ने सभी मजदूरों को कर्नाटक राज्य के जिला बागलकोट अंतर्गत बिगड़ी गांव जानमट्टी में एक साहूकार के यहां 5 लाख में काम पर लगा दिया। लेकिन मजदूरों को मेहनताना नहीं दिया गया और दलाल फरार हो गया। मजदूर छत्तीसगढ़ लौटना चाहते थे, पर साहूकार उन्हें छोड़ नहीं रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक बीजापुर द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए एक संयुक्त रेस्क्यू टीम गठित की गई। इस टीम में श्रम निरीक्षक श्री लोकेंद्र वैष्णव, राजस्व निरीक्षक श्री यशवंत राव और सहायक उप पुलिस निरीक्षक श्री बलदेव कुड़ियाम शामिल थे, जिन्हें तत्काल जिला बागलकोट, कर्नाटक रवाना किया गया।
स्थानीय प्रशासन की मदद से टीम ने सभी 18 श्रमिकों को सकुशल छुड़ाया और 1,36,100 की बकाया मजदूरी राशि भी दिलवाई। रेस्क्यू टीम ने 28 अक्टूबर 2025 को सभी मजदूरों को बीजापुर वापस लाया और 29 अक्टूबर को उनके गृहग्राम कड़ेनार व घुमरा में सुरक्षित पहुंचा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *