छत्तीसगढ़

गरीबों-किसानों की समस्यओं का संवेदनशीलता से करें निराकरण- राजस्व मंत्री श्री वर्मा

बलौदाबाज़ार, 28 अक्टूबर 2025/sns/- राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंगलवार को विकासखंड सिमगा में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।उन्होंने सुहेला में 71.12 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन तहसील भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही ग्राम रावन एवं झीपन में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। ग्राम झीपन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर तालाब सौन्दर्यीकरण एवं महतारी सदन हेतु 15 -15 लाख रुपये देने की घोषणा की।

राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि तहसील कार्यालय के नवीन भवन की सुविधा मिलने से आसपास के गाँव के किसानों और आम नागरिकों को बहुत सहूलियत होगी। श्री वर्मा ने इस दौरान यहाँ तैनात राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गरीबों-किसानों की समस्या और पीड़ाओं का संवेदनशीलता से निराकरण करें। कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण हो सकेगा।उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर जिला मुख्यालय स्थित संपर्क केंद्र में भी संपर्क कर सकते हैं।

इसके पूर्व कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने ग्राम रावन में आयुर्वेदिक अस्पताल से बावा देव तक 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित गौरव पथ का लोकार्पण, 10 लाख रुपये की लागत से आयुर्वेदिक अस्पताल में बाउंड्रीवाल और हायर सेकंडरी स्कूल रावन में 10 लाख रुपये की लागत से क्रांकिटीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। इसी प्रकार ग्राम झीपन में प्रार्थना शेड और स्काउट गाइड भवन में बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का लोकार्पण और कुर्मी समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष डॉ दौलत पाल, जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में और आमजन उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *