मुंगेली, 17 अक्टूबर 2025/sns/- मानवीय संवेदना और तत्परता का उदाहरण पेश करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुंगेली ने एक भटके हुए मूक बधिर व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की सराहनीय पहल की है। प्राधिकरण की सचिव श्रीमती कंचनलता आचला ने बताया कि पथरिया विकासखंड के ग्राम कुकुसदा, चौकी साकेत, थाना पथरिया अंतर्गत एक अज्ञात मुकबधीर व्यक्ति भटकता हुआ पाया गया।
इस संबंध में सूचना मिलते ही सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुंगेली ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पैरालीगल वॉलेंटियर्स को मौके पर भेजा। व्यक्ति के नाम और पते की जानकारी न मिल पाने पर सचिव ने समाज कल्याण विभाग मुंगेली एवं बिलासपुर के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। संबंधित विभागों के सहयोग से आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण कर भटके हुए मूक बधिर व्यक्ति को बिलासपुर स्थित “घरौंदा” आश्रय स्थल पहुंचाया गया, जहाँ उसकी सुरक्षित देखभाल की जा रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली की सक्रियता और सामाजिक संवेदनशीलता से जरूरतमंद व्यक्ति को नया ठिकाना और सुरक्षा का सहारा मिला।

