अम्बिकापुर, 14 अक्टूबर 2025/sns/- छत्तीसगढ़ शासन की युक्तियुक्तकरण नीति के तहत सरगुजा जिले के सुदूर पहाड़ी अंचलों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस पहल किए गए है। इसी क्रम में लखनपुर विकासखंड के सुदूर पहाड़ी क्षेत्र में घटोन में शासकीय प्राथमिक शाला को विशेष लाभ मिला है। अब इस विद्यालय में एक के स्थान पर दो शिक्षक पदस्थ हो गए हैं, जिससे बच्चों की शिक्षा को नई गति मिल रही है।
घटोन प्राथमिक शाला, पटकुरा ग्राम पंचायत से लगभग 9 किलोमीटर दूर पहाड़ की ऊँचाई पर स्थित है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के बच्चों में शिक्षा के प्रति गहरी लगन है। पहले विद्यालय में केवल एक ही शिक्षक, श्री देव कुमार पण्डो पदस्थ थे, जो कठिन परिस्थितियों में पूरे विद्यालय का संचालन कर रहे थे। अब शासन द्वारा शिक्षक युक्तियुक्तकरण नीति के अंतर्गत एक और शिक्षक, श्री कंवर साय की पदस्थापना की गई है।
नए शिक्षक के जुड़ने से अब विद्यालय में शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। इससे बच्चों को विषयवार शिक्षण का लाभ मिलेगा और विद्यालय की नियमितता भी बढ़ेगी। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने युक्तियुक्तकरण के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि पहाड़ के ऊपर बसे हमारे गांव में अब बच्चों को सही ढंग से पढ़ाई का अवसर मिलेगा। यह शासन की बहुत अच्छी पहल है।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की युक्तियुक्तकरण नीति का उद्देश्य है कि किसी भी विद्यालय में शिक्षक की कमी न रहे। प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप शिक्षकों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि सुदूर और पहाड़ी क्षेत्रों के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें। शासन की पहल से घटोन जैसे दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर मजबूत होगा और हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार मिलेगा।

