जगदलपुर, 14 अक्टूबर 2025/sns/- राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के दौरान पड़ोसी राज्यों से अवैध रूप से धान की आवक को रोकने सहित विशेष तौर पर सतत निगरानी रखने के लिए कलेक्टर श्री हरिस एस के द्वारा जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के 07 चिन्हित स्थानों पर जांच नाका स्थापित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके तहत तहसील जगदलपुर के धनपूंजी एवं भेजापदर, करपावण्ड तहसील के कोलावल, बदलावण्ड एवं पोटियावण्ड और बकावण्ड तहसील के नलपावण्ड एवं तारापुर में जांच नाका स्थापित की जाएगी। इन सभी जांच नाका में सप्ताह के सातों दिन 24 घण्टे निगरानी रखने के लिए राजस्व विभाग के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी, मंडी समिति के मंडी निरीक्षक एवं मंडी उप निरीक्षक, वन विभाग के वनरक्षक और नगर सेना के नगर सैनिकों की नामजद रोस्टर अनुसार ड्यूटी लगाई गई है। उक्त सभी जांच नाकों को धान उपार्जन कार्य प्रारंभ होने के पूर्व ही शुरू किए जाने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

