छत्तीसगढ़

नवरात्रि-दशहरा पर्व पर खाद्य पदार्थों की मिलावट रोकने खाद्य विभाग की सघन कार्रवाई


अम्बिकापुर, 01 अक्टूबर 2025/sns/-  नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान फलाहारी सूजी, साबूदाना, फल एवं अन्य खाद्य पदार्थों की खपत एवं बिक्री बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला सरगुजा द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देश एवं अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले के मिठाई दुकानों, किराना एवं फल दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.आर. देवांगन, प्रशांत कुमार तिवारी तथा विभागीय टीम द्वारा विगत दिनों में कई प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने संकलित किए गए। इनमें मेसर्स सोमेश किराना एण्ड जनरल स्टोर सरगावा से सरसों तेल, मेसर्स गीता ट्रेडर्स गोधनपुर से साबूदाना एवं पतंजली दलिया, मेसर्स राज फ्लोर मिल अंबिकापुर से सिंघाड़ा आटा एवं बेसन, मेसर्स ललन बेवरेजेस सीतापुर से पैकेज्ड ड्रिकिंग वाटर, मेसर्स रमेश बेवरेजेस सीतापुर से पैकेज्ड ड्रिकिंग वाटर तथा मेसर्स पवन एजेंसी अम्बिकापुर से पैकेज्ड ड्रिकिंग वाटर का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है।
प्राप्त परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम विनियम 2011 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ-साथ विभागीय चलित खाद्य प्रयोगशाला वाहन (मोबाइल वैन) के माध्यम से विगत 2 दिनों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खाद्य प्रतिष्ठानों का मौके पर ही परीक्षण किया गया। यह निरीक्षण और जांच अभियान त्योहारों के दौरान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *