छत्तीसगढ़

स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान” अंतर्गत महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया अंगदान का संकल्प

अम्बिकापुर, 01 अक्टूबर 2025/sns/- “स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत राजमाता श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय मेडिकल कॉलेज, अम्बिकापुर के ब्लड बैंक में कार्यरत महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने नागरिकों को अंगदान पंजीकरण हेतु प्रेरित करते हुए एक सराहनीय पहल की है।

इस अवसर पर डॉ. काजल पैकरा (ब्लड बैंक),  संध्या सिंह (ब्लड बैंक टेक्नीशियन) एवं अंजुला मिश्रा (ब्लड बैंक काउंसलर) ने एक साथ अंगदान का संकल्प लिया। यह पहल भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा सरगुजा के सहयोग से सम्पन्न हुई।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल द्वारा स्वास्थ्यकर्मियों को अंगदान संकल्प प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में गिरीश गुप्ता, जिला परियोजना अधिकारी, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, नोडल अधिकारी पी.के. सिन्हा, डीपीएम पुष्पेन्द्र राम एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

यह उल्लेखनीय है कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला सरगुजा के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर के नेतृत्व में “रक्तदान-महादान, अंगदान-जीवनदान” जैसे प्रेरक कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में यह संकल्प समाज में जागरूकता का नया आयाम प्रस्तुत करता है।

जिला प्रशासन का विश्वास है कि महिला स्वास्थ्यकर्मियों की यह प्रेरक पहल अंगदान के महत्व को समाज में और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करेगी तथा नागरिकों को इस अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *