मुंगेली, 25 सितम्बर 2025/sns/- आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री कुंदन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय मुंगेली विकासखंड के ग्राम पचौटिया पहुंचे। उन्होंने आदि कर्मयोगी एवं आदि सहयोगियों से चर्चा की एवं योजना के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने विलेज डेवलपमेंट प्लान 2030 पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए। उन्होंने गॉवों के लोगों को शामिल करते हुए उनकी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिस्थितिक परिवेश को ध्यान में रखते हुए ग्राम विकास योजना तैयार करने की बात कही। उन्होंने गांव के परिवारों की आजीविका पोषण स्वास्थ्य शिक्षा निर्माण कार्य एवं गांव की सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक गांव वासियों से सुझाव लेकर विजन डॉक्यूमेंट में जोड़ने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गांव में नाली निर्माण शॉकपिट बनाने हेतु भी आवश्यक निर्देश दिए तथा गांव की महिलाओं के स्वास्थ्य पोषण एवं व्यक्तिगत स्वच्छता पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए। इस दौरान गांव की सरपंच श्रीमती मीना जगत द्वारा गांव के तालाब के पास मंदिर बनवाने का अनुरोध किया गया, जिसे कलेक्टर ने विलेज डेवलपमेंट प्लान में समाहित करने निर्देशित किया। इस अवसर पर आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री महेंद्र खांडेकर, जनपद सीईओ सहित सभी ब्लॉक मास्टर ट्रेनर, अन्य विभाग की कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

