मुंगेली, 25 सितम्बर 2025/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ अंतर्गत हो रही गतिविधियों एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है, जब अर्जित ज्ञान को क्रियान्वयन में उतारते हुए गांवों में ठोस विकास कार्य किए जाएं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गांव का दौरा कर विलेज एक्शन प्लान तैयार करें तथा आजीविका संवर्धन, योजनाओं के सर्वे और ‘अपना ग्राम, समृद्धि का सपना’ के सपने को साकार करने पर फोकस करें। उन्होंने आदि सेवा केंद्रों की ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि सभी ग्राम पंचायतों में सेवा केंद्र के बोर्ड लगाए जाएं, जिससे ग्रामीण आसानी से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।
कलेक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनरों से ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ अंतर्गत चल रही गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कहा कि ग्राम विकास योजना बनाते समय गांववासियों की सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिस्थितिक विशेषताओं का ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए बेहतर कार्ययोजना और सशक्त रणनीति अपनाएं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

