मुंगेली, 25 सितम्बर 2025/sns/- महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 02 अक्टूबर तक देशव्यापी “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का संचालन किया जा रहा है। इस अभियान का समापन गांधी जयंती 02 अक्टूबर को होगा। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय स्थित आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रायपुर और बिलासपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 07 हजार से अधिक महिलाओं का पंजीयन किया गया तथा स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श दिया गया।
शिविर में केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव और मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले शामिल हुए। उन्होंने शिविर का अवलोकन किया और अलग-अलग स्टालों में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं मरीज से चर्चा की तथा शिविर में प्रदान किया जा रहे स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का संचालन किया जा रहा है। हमारी सरकार महिलाओं के हित के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महतारी वंदन योजना का संचालन कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है, जब नारी स्वस्थ होगी, तो पूरा परिवार अपने आपमें सशक्त होता है। आज महतारी सदन का लोकार्पण किया गया है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वूपर्ण कदम है।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने 10 महिला स्व सहायता समूहों को चक्रीय निधि अंतर्गत 15-15 हजार रुपए और सामुदायिक निवेश कोष अंतर्गत 10 समूहों को 60-60 हजार रुपए का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने वाले 06 महिला स्व सहायता समूहों और 10 लखपति दीदी को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 02 अक्टूबर तक विभागों द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी तारतम्य में इस निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शीला साहा ने बताया कि शिविर में 1500 से ज्यादा मितानिनों, 2500 से ज्यादा स्वच्छता दीदी, 3000 ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, समूह के सदस्य तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श का लाभ उठाया। डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे ने बताया कि शिविर में हृदय रोग, मस्तिष्क का रोग, कैंसर, स्त्री रोग, शिशु रोग, चर्म रोग, मनोरोग, जनरल सर्जरी, नाक, कान, गला रोग, नेत्र रोग, मेडिसिन पेट एवं पाचन तंत्र से संबंधित रोग, दंत रोग, सिकल सेल, टीबी, कुष्ठ रोग आदि विभिन्न बीमारियों के संबंध में प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, गणमान्य नागरिक श्री दीनानाथ केशरवानी, जनपद पंचायत लोरमी अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश मिश्रा सहित सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

