छत्तीसगढ़

बस्तर के महतारी वंदन सम्मेलन और संपूर्णता अभियान आयोजन में स्वास्थ्य और सशक्ति करण पर केंद्रित रही गतिविधियां

जगदलपुर, 10 मार्च 2026/sns/- महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर और महतारी वंदन योजना के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बस्तर जिले के नगर पंचायत बस्तर मिनी स्टेडियम में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, जहाँ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम के दौरान नीति आयोग के मार्गदर्शन में संचालित संपूर्णता अभियान को गति देते हुए एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित जनसमूह और अधिकारियों ने अभियान की सफलता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए जागरूकता हेतु सामूहिक शपथ ली।

 जिले में स्वास्थ्य और पोषण के स्तर को सुधारने के लिए विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत बस्तर जिले के लगभग 2000 आंगनबाड़ी केंद्रों में ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य की गहन जांच, आवश्यक टीकाकरण तथा गर्भवती व शिशुवती माताओं के स्वास्थ्य परीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्हें शत-प्रतिशत फोलिक एसिड की गोलियों का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि भविष्य की पीढ़ी को एनीमिया मुक्त बनाया जा सके। विशेष रूप से आकांक्षी ब्लॉक तोकापाल में संपूर्णता अभियान के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु विशेष कार्ययोजना पर बल दिया गया है। इसके अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत रेडी टू ईट और गरम भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ बच्चों का नियमित वजन लेने और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल व शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन समन्वित प्रयासों का उद्देश्य जिले के हर पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य और पोषण की सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुँचाकर संपूर्णता अभियान को सफल बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *