सुकमा, 23 सितम्बर 2025/sns/- मुख्यधारा से जोड़ने, युवाओं की रचनात्मक एवं खेल प्रतिभा को निखारने और बस्तर की जनता का शासन से प्रत्यक्ष संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य शासन ने “बस्तर ओलम्पिक 2025” आयोजित करने का निर्णय लिया है।
यह ऐतिहासिक आयोजन विकासखण्ड स्तर से लेकर संभाग स्तर तक तीन चरणों में संपन्न होगा। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी (जिला स्तर पर), वेटलिफ्टिंग (जिला स्तर पर), कराते, कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीबॉल तथा रस्साकसी (केवल महिला सीनियर वर्ग) जैसे लोकप्रिय खेल शामिल होंगे। प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर वर्गों में होगी। विशेष रूप से, नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों एवं आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली सदस्यों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें सीधे संभाग स्तर पर भागीदारी का अवसर दिया जाएगा।
पंजीयन प्रक्रिया
खिलाड़ियों का पंजीयन 22 सितम्बर से 20 अक्टूबर 2025 तक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से किया जाएगा।
तैयारियां और नोडल अधिकारी
बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन हेतु विकासखण्ड स्तर पर आयोजन समितियों का गठन किया जाएगा। वहीं, जिला स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत या किसी वरिष्ठ राज्य प्रशासनिक अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
शासन की मंशा
राज्य शासन का उद्देश्य है कि इस आयोजन के माध्यम से बस्तर के युवाओं को खेलों और समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाए, उन्हें बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले तथा बस्तर की सकारात्मक पहचान देश-दुनिया में स्थापित हो।
“बस्तर ओलम्पिक 2025” सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बस्तर की नई उड़ान का प्रतीक बनने जा रहा है।

