छत्तीसगढ़

सागौन की अवैध कटाई पर वन विभाग की सख्त कार्यवाही

कवर्धा, 19 सितम्बर 2025/sns/ – कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देश एवं वन मंडाधिकारी श्री निखिल अग्रवाल के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा सागौन की अवैध कटाई पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। वनमंडल कवर्धा के अंतर्गत कवर्धा परिक्षेत्र के बैरख परिसर में सागौन वृक्षों की अवैध कटाई की सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। 05 सितम्बर को वन भ्रमण के दौरान 03 नग सागौन ठूठ पाए गए तथा मौके से 04 नग (0.274 घनमीटर) सागौन जब्त कर वन अपराध प्रकरण (पी.ओ.आर. क्र. 21611/10) पंजीबद्ध किया गया। जब्त की गई वनोपज को परिसर रक्षक सुश्री मीना मेरावी की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया है।
इस संबंध में परिक्षेत्र सहायक बोड़ला एवं परिसर रक्षक बैरख को स्पष्टीकरण जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब प्रस्तुत न करने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई एवं नियमानुसार वसूली की जाएगी। साथ ही अपशिष्ट सामग्री एवं आरोपियों की पहचान हेतु अनुसंधान जारी है। वन विभाग आम नागरिकों से अपील करता है कि किसी भी प्रकार की अवैध कटाई अथवा वन क्षति की सूचना तत्काल निकटतम वन अधिकारी को दें, ताकि शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *