छत्तीसगढ़

बीजापुर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार शुरू


बीजापुर, 19 सितम्बर 2025/sns/- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना का लाभ अब जिले के आम उपभोक्ताओं तक तेजी से पहुंचाया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना से प्रदेश के लाखों घरों को न केवल मुफ्त बिजली मिलेगी बल्कि अतिरिक्त आय और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
केंद्र सरकार ने योजना के लिए 75 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके तहत प्रत्येक लाभार्थी को प्रति माह 300 यूनिट तक बिजली, 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी, सस्ते ब्याज पर लोन तथा सरल आवेदन प्रक्रिया की सुविधा उपलब्ध होगी।
बीजापुर जिले में योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सूर्य रथ से प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। CSPDCL के कार्यपालन अभियंता डी. आर. उर्वशा ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों में विशेष जागरूकता कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों में अधिकारी व कर्मचारी ग्रामीणों को योजना की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं और आवेदन में सहयोग भी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व एवं कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में इस योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार जिले के हर गांव और ब्लॉक में लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना से लाभान्वित हो सकें। यह योजना आम जनता को बिजली बिल में राहत देने के साथ-साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *