बीजापुर, 19 सितम्बर 2025/sns/- कलेक्टर एवं अध्यक्ष (कार्यकारिणी) जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के निर्देशन तथा संचालक एवं सदस्य सचिव राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 01 से 07 सितम्बर 2025 तक साक्षरता सप्ताह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही 08 सितम्बर को जिलेभर में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के निरक्षरों को साक्षर करना है। जिले के चारों विकासखण्डों में प्रतिदिन विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। शैक्षणिक संस्थानों में साक्षरता रैली निकाली गई और विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों को साक्षरता की शपथ दिलाई गई।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कन्या शिक्षा परिसर बीजापुर में आयोजित हुआ। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक एवं जिला परियोजना अधिकारी श्री कमलदास झाड़ी, प्राचार्य डाइट श्री वेंकटरमन एटला, कन्या शिक्षा परिसर प्राचार्य सुश्री नीता सुरती, श्रीमती सरिता दुब्बा, साक्षरता नोडल सहदेवराम निषाद, सीएससी प्रतिनिधि श्री विजेन्द्र भदौरिया, शिक्षकगण एवं कार्यालयीन स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

