बीजापुर, 19 सितंबर 2025/sns/ – राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान अभियान के अंतर्गत एक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन ब्लड सेंटर, जिला अस्पताल, बीजापुर में दिनांक 17 सितम्बर 2025 को प्रातः 10ः00 बजे से अपराह्न 4ः00 बजे तक किया जाएगा। उक्त शिविर का उद्देश्य आमजनों में रक्तदान के प्रति जागरूकता का प्रसार तथा सुरक्षित रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इस विशेष अवसर पर “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान की भी शुरुआत की जाएगी, जो 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक जिले में चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जिले की समस्त महिलाओं, किशोरियों एवं बालिकाओं का निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिला स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना और परिवारों के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना है।
स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन- अभियान के दौरान दो प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगाः नियमित स्वास्थ्य शिविर- यह शिविर जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में 15 दिनों तक आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सभी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इन शिविरों में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि पूर्ण कवरेज सुनिश्चित किया जा सके।
विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर- जहां विशेषज्ञ उपलब्ध हैं, वहां भी 15 दिनों तक विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCS) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHCS) में, जहां विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं हैं, वहां प्रत्येक 15 दिनों में विशेष विशेषज्ञ शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के लिए विशेषज्ञों को मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों (DH) और अन्य संस्थानों से बुलाया जाएगा।
डॉ. बी. आर. पुजारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), बीजापुर ने जिले के समस्त नागरिकों से इस पुनीत कार्य में सहभागिता हेतु आग्रह किया है। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा, रक्तदान एक सरल, सुरक्षित एवं मानवीय कर्तव्य है, जो न केवल आवश्यकता के समय अनमोल जीवन को बचाने में सहायक होता है, अपितु यह समाजिक उत्तरदायित्व का भी परिचायक है। साथ ही, महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल प्रत्येक परिवार के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।ष्
डॉ. पुजारी ने आगे कहा कि नियमित रक्तदान से न केवल मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य लाभ हेतु भी उपयोगी है। उन्होंने नागरिकों से इस पावन अवसर का लाभ उठाने और अधिकाधिक संख्या में रक्तदान कर मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। साथ ही, महिलाओं एवं किशोरियों से आग्रह किया कि वे इस स्वास्थ्य जांच अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें।
संदेशः रक्तदान करें, जीवन बचाएं यह एक महान सेवा है। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार स्वास्थ्य ही समृद्धि का आधार है।
जिले के समस्त गणमान्य नागरिकों, युवा साथियों, सामाजिक संगठनों तथा स्वैच्छिक संस्थाओं से अनुरोध किया जाता है कि वे इस विशेष रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेकर इस मानवीय अभियान को सफल बनाएं। आपकी सहभागिता किसी जरूरतमंद के जीवन में नई आशा का संचार कर सकती है। अधिक जानकारी के लिए संपर्क करेंः 1800-233-0166

