छत्तीसगढ़

वनभूमि पर अवैध रूप से चर्च निर्माण अथवा प्रार्थना सभा की सूचना असत्य एवं भ्रामक डीएफओ ने जांच के दिए थे निर्देश, जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई

कवर्धा, 19 सितम्बर 2025/sns/- कवर्धा वनमंडल अधिकारी श्री निखिल अग्रवाल ने जांच रिपोर्ट के आधार पर बताया है कि कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखण्ड अंतर्गत वनभूमि पर अवैध रूप से चर्च अथवा प्रार्थना सभा निर्माण की जो खबरें प्रसारित हुई हैं, वे पूरी तरह से असत्य, आधारहीन और भ्रामक हैं।
वनमंडल अधिकारी ने बताया कि उक्त खबरों के संबंध में पंडरिया उपवनमंडल एवं संबंधित परिक्षेत्र अधिकारियों को गहन जांच और स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए गए थे। जांच में यह तथ्य सामने आया कि जिन स्थानों का उल्लेख किया गया है वह स्थल कवर्धा वनमंडल अंतर्गत वनभूमि की नही है। विभागीय जांच में वनक्षेत्र के भीतर किसी भी प्रकार का चर्च, प्रार्थना सभा नहीं पाया गया।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए नियमित रूप से सघन निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे भ्रामक और अपुष्ट सूचना एवं खबरों पर ध्यान न दें तथा केवल सत्यापित तथ्यों पर ही विश्वास करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *