कवर्धा, 19 सितम्बर 2025/sns/- कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 17 सितम्बर 2025 से 16 अक्टूबर 2025 तक राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में परियोजना आईसीडीएस सहसपुर लोहारा एवं कुरुपुर के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में द्वितीय दिवस को “मोटापे की रोकथाम” विषय पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सहसपुर लोहारा परियोजना के अंतर्गत जिले के समस्त 259 आंगनबाड़ी केन्द्रों में मोटापे की रोकथाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियाँ संपन्न हुईं। कार्यक्रम में गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों का ऊँचाई एवं वजन लेकर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चीनी एवं तेल के सीमित उपयोग पर विशेष बल दिया गया तथा अतिपोषण एवं मोटापे के दुष्परिणामों पर चर्चा की गई। विभिन्न योगासन कराकर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
आंगनबाड़ी केन्द्रों में “सुपोषण चौपाल” का आयोजन किया गया, जिसमें 6 माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन, गर्भवती माताओं की गोदभराई एवं जन स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। साथ ही पोषण रंगोली, टेक-अवे पोस्टर, अनाज, सब्ज़ी एवं फलों की प्रदर्शनी के माध्यम से जन समुदाय को संतुलित आहार एवं पोषण संबंधी जानकारी दी गई। परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिनों ने उपस्थित बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं, पालकों तथा नागरिकों को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने हेतु प्रेरित किया। इसी प्रकार एकीकृत बाल विकास परियोजना कुरुपुर अंतर्गत भी सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। द्वितीय दिवस पर “मोटापे की रोकथाम” विषय पर गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्री बृजेश सोनी ने कहा कि मोटापा आज के समय का अत्यंत गंभीर विषय है। इससे मधुमेह, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, उच्च कोलेस्ट्रॉल, फैटी लीवर तथा कुछ प्रकार के कैंसर जैसी बीमारियाँ हो सकती हैं। इसका मुख्य कारण जंक फूड, चीनी एवं तेल का अधिक सेवन है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के लोगों से निरंतर जुड़ी रहती हैं और सुपोषण चौपाल के माध्यम से सही खानपान, प्रतिदिन योगाभ्यास एवं सुव्यवस्थित दिनचर्या अपनाने का संदेश लगातार दिया जा रहा है।



