जगदलपुर, 29 अगस्त 2025/sns/- जिला प्रशासन द्वारा हाल ही में आई बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक सीईओ जिला पंचायत एवं प्रभारी कलेक्टर श्री प्रतीक जैन ने की। बैठक में प्रभारी कलेक्टर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों, राहत शिविरों की व्यवस्था, खाद्यान्न वितरण, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाएँ, विद्युत व्यवस्था तथा आवागमन बहाली की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन के लिए अतिरिक्त बजट का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र दें। सभी प्रकार की क्षति के प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता प्रदान किया जाए । प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत सामग्री पहुँचे इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा । स्वास्थ्य विभाग को तत्काल मेडिकल टीम तैनात करने, पीएचई विभाग को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, राजस्व विभाग को नुकसान का आंकलन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा पुलिस एवं एसडीआरएफ को लगातार निगरानी और रेस्क्यू कार्य के लिए सतर्क रखने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी श्री उत्तम गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे सहित सभी राजस्व अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।

