छत्तीसगढ़

मेजर ध्यानचंद जयंती पर मैराथन के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 का आरंभ


जगदलपुर, 29 अगस्त 2025/
sns/-  हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर को खास बनाने के लिए बस्तर जिला प्रशासन द्वारा 29 से 31 अगस्त तक खेल और फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर 29 अगस्त को पुरुष और महिला वर्ग के लिए मैराथन का आयोजन किया गया। साथ ही पीजी कॉलेज चैक पर मैराथन आरंभ स्थल में महापौर श्री संजय पांडे ने इस अवसर पर हर दिन शारीरिक गतिविधि और खेलों के लिए समय देने और स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों को भी शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए प्रोत्साहित करने की शपथ दिलाई, ताकि भारत को एक फिट राष्ट्र बनाया जा सके। उन्होंने इसके पश्चात हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा हॉकी के जादुगर मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के तौर पर मनाने का निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में उठाया गया यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष श्री खेम सिंह देवांगन, महापौर परिषद के सदस्य श्री संग्राम राणा, श्री निर्मल पाणिग्राही, श्री लक्ष्मण झा, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, प्रभारी खेल अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीआर बघेल सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं धावकगण सहित नागरिकगण उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सुबह 8 बजे से पीजी कॉलेज चैक, धरमपुरा चैक से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। महिला वर्ग हेतु 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई, जो पीजी कॉलेज चैक, धरमपुरा से शुरू होकर कालीपुर तक गई और वापस पीजी कॉलेज चैक धरमपुरा चैक पर समाप्त हुई। पुरुष वर्ग हेतु 10 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई, जो पीजी कॉलेज चैक, धरमपुरा से शुरू होकर तितिरगांव तक गई और वापस पीजी कॉलेज चैक, धरमपुरा चैक पर समाप्त हुई। महिला वर्ग मैराथन में प्रमिला मंडावी ने प्रथम, रुदना कश्यप ने द्वितीय और राजेश्वरी नेताम ने तृतीय स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग मैराथन में  पंडरूराम वट्टी ने प्रथम, फूलधर नेताम ने द्वितीय और सुखराम कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
 राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 30 अगस्त को इंदिरा स्टेडियम के सिंथेटिक ट्रैक पर वरिष्ठ नागरिकों की 400 मीटर तेज चाल प्रतियोगिता, स्टेडियम हॉल में कराते प्रतियोगिता तथा शिक्षा विभाग की ओर से वाद-विवाद एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं 31 अगस्त को जिला पंचायत के सहयोग से साइकिल रैली व इंदिरा स्टेडियम में बालक-बालिकाओं के लिए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ की एथलेटिक्स स्पर्धाएँ आयोजित की जाएगी। समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण टाउन हॉल, जगदलपुर में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *