सुकमा, 28 अगस्त 2025/sns/- जिले में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन और मार्गदर्शन में सभी विकासखंडों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में अब तक 611 से अधिक राहगीर और प्रभावित लोग सुरक्षित रूप से ठहराए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में राहत शिविरों में 218 व्यक्ति जिला मुख्यालय सुकमा में, 292 व्यक्ति नगर पंचायत दोरनापाल में और 111 व्यक्ति नगर पंचायत कोंटा में रुके हुए हैं। इनमें बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं।
खाने और रहने की समुचित व्यवस्था
प्रशासन ने राहत शिविरों में लोगों के रहने और खाने की पूरी व्यवस्था की है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शिविरों में प्रभावित परिवारों को भोजन, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यात्रियों के लिए विशेष भोजन व्यवस्था
नगर पंचायत दोरनापाल में दोपहर के समय यात्री बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों से सफर कर रहे लगभग 600 मुसाफ़िरों के लिए मंगल भवन, बोदागुड़ा स्कूल, मिनपा छात्रावास और लक्जरी बस में भोजन की व्यवस्था की गई। देर रात तक लगभग 292 लोग राहत शिविर में ठहरे रहे।
जिला प्रशासन की अपील
स्थिति सामान्य होने तक प्रशासन ने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।



