छत्तीसगढ़

सुकमा में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

सुकमा, 20 अगस्त 2025/sns/- कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, एनआरएलएम, 15वें वित्त एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीईओ श्री ठाकुर ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत सभी स्वीकृत मकान और द्वितीय किश्त वाले मकान 30 सितंबर तक हर हाल में पूरे किए जाएँ, अन्यथा जिम्मेदार अमले पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने नियद नेल्लानार और स्पेशल प्रोजेक्ट ग्राम पंचायतों में सभी पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुँचाने और राजमिस्त्री प्रशिक्षण के जरिए गुणवत्तापूर्ण मकान निर्माण पर जोर दिया।
मनरेगा अंतर्गत लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत मानव दिवस सृजित करने, वर्ष 2023-24 के अधूरे कार्यों को पूरा करने तथा भुगतान सीधे हितग्राहियों के खातों में करने के निर्देश भी दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन में प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी मकानों में शौचालय निर्माण अनिवार्य करने पर बल दिया गया।
एनआरएलएम में सभी हितग्राहियों को लाभ पहुँचाने, अधिक से अधिक समूह की दीदी को जोड़ने और उन्हें “लखपति दीदी” बनाने के लिए भी विशेष पहल करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद पंचायत सीईओ छिंदगढ़, सुकमा, कोंटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समन्वयक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *