ग्राम तालदेवरी की 79 वर्षीय पदमनी बाई को मिला आशियाना, शासन की योजनाओं से बदली ज़िंदगी जांजगीर-चांपा 06 अगस्त 2025/ ग्राम पंचायत तालदेवरी की श्रीमती पदमनी बाई पति स्व. गजराम साहू, उम्र 79 वर्ष, जो पूर्व में कच्चे मकान में निवासरत थीं। वर्ष 2022 में उनके पति के निधन के बाद मानसिक और आर्थिक रूप से वे अत्यंत परेशान होने लगी थीं। उनके सामने बड़ी समस्या अपने कच्चे मकान को पक्का करने की थीं। इसी परेशानी से जुझती हुई श्रीमती पदमनी बाई के सामने शासन की महत्वकांक्षी “प्रधानमंत्री आवास योजना” के तहत पक्का मकान स्वीकृत हुआ तो आशा की नई किरण और रोशनी से उनका घर जगमगा उठा।
श्रीमती पदमनी बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से प्रथम किश्त के रूप में 40,000 की राशि सीधे उनके खाते में प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने मकान की नींव डाली। साथ ही साथ उन्हें मनरेगा से 90 दिवस की मजदूरी और शौचालय निर्माण की राशि भी प्राप्त हुई। दूसरी किश्त 60,000 और तीसरी किश्त 20,000 प्राप्त होने के बाद उन्होंने छत सहित पक्का मकान तैयार किया। शासन की योजनाओं से उन्हें न केवल आश्रय मिला, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मान की अनुभूति भी हुई। वृद्धावस्था पेंशन योजना और महतारी वंदन योजना से भी पदमनी बाई को निरंतर सहयोग मिल रहा है। इसके साथ ही उन्हें उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन भी मिला है। शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं से लाभान्वित होने पर वह प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को बार बार धन्यवाद देती हैं।
स/क्र 01
समाचार
धान, चावल, रंगीन मोती, स्टोन, ऊन से बना रही हैं सुंदर व आकर्षक राखियांस्व-सहायता समूह की दीदी आजीविका मूलक गतिविधियों से जुड़कर बनी आत्मनिर्भर
जांजगीर-चांपा 06 जुलाई 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन महिलाओं को स्व-रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। जिसके तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जोड़कर उन्हें आजीविका मूलक गतिविधियों से संबल बनाया जा रहा है।
इसी कड़ी में बलौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम रसोटा के स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा राखी त्यौहार के अवसर पर रंग बिरंगी और आकर्षक राखियां तैयार की जा रही हैं। यह राखियां भाई-बहनों के रिश्ते को मजबूत करेंगी। रक्षाबंधन के दिन बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधेगी और इस पवित्र रिश्ते को मजबूत बनाएगी। इस बंधन को मजबूत बनाने के लिए ग्राम रसोटा के जागृति स्व सहायता समूह की महिलाएं कड़ी मेहनत से राखियां तैयार कर रही हैं। यह राखियां धान, चावल, रूद्राक्ष, रंगीन मोती, स्टोन, ऊन सहित विभिन्न प्रकार के सजावटी सामग्रियों से बनाई जा रही है।
जागृति स्व सहायता समूह की सचिव श्रीमती सुनीता अनंत ने बताया की वे जब से बिहान योजना से जुड़ी हैं तब से घर मे ही रहकर उन्हें रोजगार मिल गया है। गांव की महिलाएं आपस में मिलकर पिछले तीन सालों से लगातार घर में राखियां बनाने का कार्य कर रही हैं। समूह की महिलाओं द्वारा बनाई गई राखियों को जनपद एवं आसपास के हाट-बाजार, दुकानों में बिक्री कर रहें हैं। जिनसे उन्हें लाभ प्राप्त हो रहा है और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है। इन समूह की दीदियों द्वारा रेशम के धागे, धान, चावल, मूंग, मोती एवं अन्य सजावटी सामग्रियों का उपयोग कर हस्तनिर्मित पर्यावरण-सुरक्षित राखियों का निर्माण किया जा रहा है। यह कार्य न केवल पारंपरिक कला को जीवित रखता है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त भी बना रहा है। रक्षाबंधन के अवसर पर इन राखियों की स्थानीय बाजार में मांग तेजी से बढ़ी है। राखी की बिक्री स्थानीय स्तर पर स्वयं समूह की महिलाओं द्वारा ही की जा रही है।
स/क्र 02
समाचार
आधार सॉफ़्टवेयर के नए वर्जन यूसी यूनिवर्सल क्लाइंट के संबंध में प्रशिक्षण का हुआ आयोजन जांजगीर-चांपा 06 अगस्त 2025/ भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद, आधार एजेंसी चिप्स अंतर्गत जिला जांजगीर-चांपा एवं सक्ती के आधार ऑपरेटरों को आधार नामांकन एवं अपडेशन हेतु आधार सॉफ़्टवेयर के नए वर्जन यूसी यूनिवर्सल क्लाइंट के संबंध में 0-5 साल एवं इससे अधिक उम्र के हितग्राहियों का आधार नामांकन और अपडेट प्रोसेस के संबंध में ऑडिटोरियम जांजगीर में प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
ई जिला प्रबंधक श्री सुनील कुमार साहू ने बताया कि प्रशिक्षण में आधार ऑपरेटर्स को आधार नामांकन एवं अपडेशन में यूआईडीएआई द्वारा जारी दस्तावेजों की लिस्ट के संबंध में तकनीकी समस्या और आधार नामांकन के समय महत्वपूर्ण बिन्दुओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि आधार के इस नए वर्जन यूसी से ऑनलाइन नामांकन किया जा सकेगा। इसमें जीपीएस डिवाइस की अनिवार्यता को खत्म किया गया है जिससे निरस्त आवेदन की संख्या में कमी आएगी साथ ही रियल टाइम में दस्तावेज वेरिफिकेशन में आसानी होगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री ख़ुर्शीद आलम ख़ान द्वारा ऑपरेटर्स को प्रशिक्षण में बताया गया कि इस नए वर्जन यूसी यूनिवर्सल क्लाइंट को सभी ऑपरेटर्स उपयोग में लायें और दस्तावेज की जाँच उपरांत ही आधार नामांकन करें। प्रशिक्षण में डिप्टी कलेक्टर श्री देवेंद्र चौधरी, जिला सक्ती के ई जिला प्रबंधक श्री दुष्यंत सोनी व आधार ऑपरेटर्स उपस्थित थे।
स/क्र 03
समाचार
भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान, चाम्पा में डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
जांजगीर-चांपा 06 अगस्त 2025/ छत्तीसगढ़ शासन, ग्रामोद्योग संचालनालय (हाथकरघा) रायपुर अंतर्गत भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान, चाम्पा एवं बरगढ़ (उड़ीसा) में जुलाई 2025 से प्रारंभ होने वाले डिप्लोमा इन हैण्डलूम एण्ड टेक्सटाईल टेक्नोलॉजी के त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम के प्रथम सेमेस्टर में 30 सीट एवं लेटरल एण्ट्री के आधार पर सीधे तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश हेतु 26 सीट के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के निवासियों से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं।
प्राचार्य भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान चांपा ने बताया कि प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु 10वीं अथवा समकक्ष परीक्षा अंग्रेजी विषय सहित उत्तीर्ण होना एवं आयु सीमा 01 जुलाई 2025 को 15 से 23 वर्ष एवं एससी, एसटी अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 17 से 25 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। सीधे तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश हेतु गणित, भौतिकी एवं रसायन विषय सहित 12वीं की परीक्षा के साथ वस्त्र प्रौद्योगिकी में अतिरिक्त विषय सहित 10वीं व 12वीं परीक्षा के साथ 02 वर्ष का औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश हेतु पात्र होंगे, जिसकी आयु सीमा 01 जुलाई 2025 को 17 से 25 वर्ष के बीच एवं एससी, एसटी के अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 17 से 27 वर्ष के बीच होना आवश्यक है।
आवेदन पत्र संस्थान के वेबसाईट www.iihtchampa.org.in से डाऊनलोड किया जा सकता है। स्वप्रमाणित आवेदन पत्र पोस्ट द्वारा iihtchampacg@gmail-com में ईमेल द्वारा या स्वयं उपस्थित होकर 15 अगस्त 2025 को सायं 5.00 बजे तक प्राचार्य, भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान, मड़वा प्लांट रोड, लछनपुर चौक, चाम्पा, जिला जांजगीर-चाम्पा (छ.ग.) 495669 में जमा किया जा सकता है।

