छत्तीसगढ़

गौ सेवा संकल्प अभियान गायों की सुरक्षा सेवा और संरक्षण को मिलेगा नया आयाम

मुंगेली, 02 अगस्त 2025/sns/- सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती जनहानि और पशुहानि की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में मुंगेली जिले में गौ सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बेसहारा एवं सड़कों पर छोड़े गए मवेशियों के बेहतर प्रबंधन, सेवा और संरक्षण को सुदृढ़ करना है। जिले में 6 अगस्त से 8 अगस्त तक तीन दिवसीय गौ सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष में दो पालियों में किया जाएगा।प्रथम पाली प्रातः 11.00 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3.00 बजे से शाम 5.00 बजे तक आयोजित होगी। इस कार्यशाला में लगभग 1000 प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतिभागियों को बेसहारा पशुओं के व्यवस्थित प्रबंधन और देखरेख संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि पशुओं की उपेक्षा से उत्पन्न जन-समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सके। गौरतलब है कि राजमार्गों एवं स्थानीय मार्गों पर आवारा पशुओं के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाएं, यातायात में बाधा, जनहानि और अन्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। गौ सेवा संकल्प अभियान जिले में न केवल पशु कल्याण को बढ़ावा देगा, बल्कि समाज में सह-अस्तित्व और दायित्व बोध की भावना को भी मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *