छत्तीसगढ़

ग्राम दानोखार में तिल की खेती पर कृषक प्रशिक्षण एवं फसल प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित

मुंगेली, 24 जुलाई 2025/sns/- कृषकों को उन्नत तकनीकों से जोड़ने एवं तिलहन फसलों के रकबा, उत्पादन व उत्पादकता बढ़ाने हेतु कृषि विज्ञान केंद्र मुंगेली द्वारा लोरमी विकासखण्ड के सुदूर वनांचल ग्राम दानोखार में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत तिल की खेती पर फसल प्रदर्शन, प्रशिक्षण व प्रक्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चयनित कृषकों को उन्नत बीज वितरण एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी प्रदान करने के साथ हुई। इस अवसर पर कृषक प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें कृषि विज्ञान केंद्र की विषय विशेषज्ञ डॉ. प्रमिला जोगी ने तिल उत्पादन से संबंधित भूमि चयन, जलवायु अनुकूलता, प्रमुख किस्में, भूमि की तैयारी एवं बीजोपचार की विस्तृत जानकारी दी।
विषय विशेषज्ञ श्रीमती नेहा लहरे ने मिट्टी परीक्षण के लाभ, उचित बुवाई समय, बीज दर, सिंचाई एवं उर्वरक प्रबंधन, निंदाई-गुड़ाई, कीट-रोग नियंत्रण तथा कटाई व उपज से संबंधित समस्त तकनीकी पहलुओं पर जानकारी साझा की। प्रशिक्षण के उपरांत कृषकों के खेतों का भ्रमण कर निंदाई-गुड़ाई, खरपतवार नियंत्रण एवं कीट-व्याधि रोकथाम हेतु आवश्यक वैज्ञानिक विधियों का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे कृषकों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती मीना बाई अनंत, कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री भुनेश दिवाकर एवं श्री नितेश गुप्ता, पंचायत सचिव श्री मलिक राम अनंत, पंच श्रीमती मनीषा मरकाम, पार्वती बाई धुर्वे, अमरीका बाई सहित बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *