रायगढ़, 22 जुलाई 2025/sns/- छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा 27 जुलाई 2025 को आबकारी आरक्षक (एबीए 25)भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में परीक्षा के सफल संचालन हेतु नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इनमें डिप्टी कलेक्टर रायगढ़ श्री प्रवीण भगत, मोबा.नं.62668-16457 को नोडल अधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री सुशांतो बनर्जी को पुलिस नोडल अधिकारी तथा सहायक परियोजना समन्वयक राजीव गांधी शिक्षा मिशन रायगढ़ श्री भुवनेश्वर पटेल मोबा.नं 70000-81311, व्या.शा.हाई स्कूल मिड़मिड़ा श्री बाबू लाल पटेल एवं व्या.शा.उ.मा.वि.चांदमारी श्री निराकार पटेल को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
परीक्षार्थियों को जारी निर्देशों का करना होगा पालन
डिप्टी कलेक्टर रायगढ़ श्री प्रवीण भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में आबंटित एक पुरूष एवं एक महिला कर्मी से फ्रिस्किंग का कार्य किया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिस कर्मी से ही कराया जाएगा। परीक्षा के समय परीक्षार्थियों के लिये जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। जिसमें परीक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुँचेगें ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थी को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आना होगा। फुटवियर के रूप में उन्हें चप्पल पहनकर आना होगा। कान में किसी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधा घंटा में एवं परीक्षा समाप्ति के आखिरी आधा घंटा में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण इलेक्ट्रानिक उपकरण, इलेक्ट्रानिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णत: वर्जित है।


