छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री आवास के कार्यों में लाए तेजी करें निरीक्षण कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति

मोहला, 9 जुलाई 2025/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय काम-काज की समीक्षा की। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले में स्वीकृत एवं निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर तेजी से कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर तीन माह में आवास वेरिफिकेशन का कार्य आवश्य करें। इस दौरान उन्होंने जिले के चल रहे जर्जर स्कूलों एवं हॉस्टल के मरम्मत कार्य की समीक्षा की। उन्होंने बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों एवं हॉस्टल के मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के साथ करते हुए पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मानपुर में संचालित एकलव्य विद्यालय के सुचारू संचालन हेतु समिति गठन के निर्देश दिए। उन्होंने मानपुर के कक्षा दसवीं के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उनके रुचि अनुरूप विषय चयन हेतु प्रेरित करने एवं उनके रहने के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने भर्रीटोला में बनाने वाले कन्या छात्रावास के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिससे स्कूली छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सके। मौके पर उन्होंने नवागांव में संचालित कन्या छात्रावास में अतिशीघ्र अधीक्षिका नियुक्ति के निर्देश दिए। बैठक में नगर पंचायत एवं ट्राइबल विभाग को संयुक्त रूप से नालंदा परिसर हेतु भूमि चिन्हांकन के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जिले में विकास खंड स्तर पर जीवन दीप समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। जिले सहित शासकीय कार्यालयों एवं भवनों में अतिशीघ्र स्मार्ट मीटर लगवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभाग को पोषण ट्रैकर के सही ढंग से क्रियान्वयन के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने क्रेडा विभाग को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लाइटों की व्यवस्था के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन कलेक्टर जनदर्शन एवं विभिन्न शिकायत पोर्टल में लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अति शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि डायरिया से बचाव हेतु सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं मितानियों के पास पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध हो सुनिश्चित करें।

कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले में सिकल सेल मरीजों के चिन्हांकन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों को चिन्हांकित कर उन्होंने प्रमाण पत्र प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके।

कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले में रिक्त पदों एवं होने वाली भर्ती प्रक्रिया की जानकारी लीं। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के एकल पदों में भर्ती करवाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग में चल रहे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्रीमती भारती चन्द्राकर, अपर कलेक्टर श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, एसडीएम मोहला श्री हेमेन्द्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी श्री दुकालुराम ध्रुव सहित सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *