मुंगेली, 02 जुलाई 2025/sns/- जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। जनदर्शन के दौरान अनेक मामलों पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिससे नागरिकों में शासन की संवेदनशीलता और तत्परता का विश्वास और मजबूत हुआ। मुंगेली विकासखंड के ग्राम बाघामुड़ा निवासी अशोक निषाद ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने तत्काल मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारी को पात्रता परीक्षण कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर शौचालय निर्माण की स्वीकृति देने के निर्देश दिए।
10 वर्षीय बालिका की स्वास्थ्य सहायता की अपील पर तत्परता
लोरमी विकासखंड के ग्राम झाफल की 10 वर्षीय बालिका रजनी राजपूत ने आंखों की गंभीर समस्या के उपचार हेतु सहायता की अपील की। कलेक्टर ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मौके पर ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को बुलाकर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत प्रकरण तैयार कर बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम बुंदेली निवासी लैनी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत द्वितीय किस्त की राशि दिलाने के लिए निवेदन किया। कलेक्टर ने त्वरित निर्णय लेते हुए जिला समन्वयक को लाभार्थी को राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम दुल्लापुर के सरपंच द्वारा ग्राम की सार्वजनिक भूमि पर हो रहे अतिक्रमण की शिकायत की गई। कलेक्टर ने तहसीलदार को तत्काल निरीक्षण कर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने जनदर्शन में प्राप्त पुलिस संबंधी प्रकरणों पर सुनवाई की और आवेदकों को आश्वस्त किया कि सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस जनदर्शन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओं श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्रीमती मेनका प्रधान, पथरिया एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

