कांकेर, 19 जून 2025/sns/- जिले के बरदेभाटा (कोदाभाट) ग्राम में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन समारोह क्षेत्रीय विधायक श्री आशाराम नेताम के करकमलों द्वारा विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण परियोजना की लागत ₹121.16 करोड़ है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विधायक श्री नेताम ने इस अवसर पर कहा कि चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने हायर सेकेंडरी स्कूल भवन की मांग प्रमुखता से उठाई थी। चुनाव के एक वर्ष पश्चात इस मांग को साकार करने की दिशा में ठोस पहल करते हुए आज भूमि पूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र के शैक्षिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री महेश जैन, जनपद सदस्य श्रीमती हिमेश्वरी साहू, कोदाभाट सरपंच श्री राजू नेताम, श्री नीलू तिवारी, श्री संताराम कुंजाम, श्री ईश्वर लाल नाग सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी एवं स्कूल स्टाफ की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। उन्होंने भावी विद्यालय भवन की संरचना एवं योजनाओं की जानकारी साझा की और इस पहल का खुले दिल से स्वागत किया।
यह निर्माण कार्य न केवल शिक्षा क्षेत्र में विकास को गति देगा, बल्कि इससे स्थानीय रोजगार, सामाजिक समरसता एवं आर्थिक प्रगति को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधियों ने सरकार की इस पहल के प्रति आभार जताया।

