छत्तीसगढ़

महासमुंद में मिलेट्स को बढ़ावा देने किए जाएंगे विशेष प्रयास किसानों की आय में वृद्धि तथा मिलेट्स फसलों को बढ़ावा देने कलेक्टर ने ली बैठक

महासमुंद, 21 अप्रैल 2025/sns/- कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने महासमुंद जिले में मिलेट्स फसलों को बढ़ावा देने के लिए आज कृषि विभाग, किसान उत्पादक संघ, किसानों और संबंधित विभागों की बैठक ली। उन्होंने जिले में मिलेट्स के उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से जिले में कार्यरत 10 किसान उत्पादक संघ (एफपीओ) को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना, उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाना तथा उन्हें उचित बाजार व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसमें किसान उत्पादक संघों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री एस. आलोक, उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप, किसान उत्पादक संघ के प्रतिनिधि, बैंकर्स एवं किसान शामिल हुए। जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज हुई बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि परम्परागत धान के फसलों के स्थान पर रागी, कोदो, कुटकी जैसे मिलेट्स और दलहन, तिलहन को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। श्री लंगेह ने कहा कि धान के रकबा को कम करते हुए कम लागत, ज्यादा उपज और ज्यादा आय के सिद्धांत को लेकर कार्ययोजना बनाया जाएगा। इसमें अंचल में कार्यरत किसान उत्पादक संघों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि किसान उत्पादक संघ किसानों के साथ बैठकर उन्हें धान के अलावा अन्य नकदी फसलों के फायदों के संबंध में बताएं और उन्हें जागरूक करें। कलेक्टर ने कहा कि हम किसानों को उचित मूल्य और सही बाजार भी उपलब्ध कराएंगे। महासमुंद जिले में मिलेट्स कैफे के तर्ज पर रेस्टोरेंट भी खोला जाएगा। यहां मिलेट्स से बने उत्पादों का विक्रय भी किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि इसमें मिलेट्स से बने विभिन्न तरह के उत्पाद और व्यंजन खुले बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। कलेक्टर ने कहा कि यहां उत्पादन की संभावनाओं और किसानों की रुचि को ध्यान में रखते हुए मिलेट्स प्रोसेसिंग प्लांट भी लगाया जा सकता है। कलेक्टर ने इस कार्ययोजना को आगामी 6 माह में क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी किसानों से अपील किया है कि वे मिलेट्स की खेती को अपनाएं और लाभ कमाएं। कृषि उप संचालक श्री एफ.आर. कश्यप ने बताया कि जिले में लगभग 1100 किसान वर्तमान में मिलेट्स रागी की खेती कर रहे हैं। इस बीते वर्ष खरीफ में लगभग 300 हेक्टेयर और वर्तमान रबी में 900 हेक्टेयर में रागी का फसल लगाया गया है। बैठक में मौजूद किसानों ने कलेक्टर की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि हम किसान रागी फसल को अपनाने के लिए उत्सुक हैं एवं आगामी दिनों में धान के अलावा मिलेट्स की खेती भी करेंगे। इस अवसर पर किसानों ने कलेक्टर श्री लंगेह को सुगंधित चावल भेंट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *