*राखी बिक्री हेतु कलेक्ट्रेट परिसर सहित चौक चौराहों पर लगा है स्टाल*
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 29 अगस्त 2023/ कलेक्टर श्रीमती प्रियंका ऋ़षि महोबिया के मार्गदर्शन और परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री कौशल प्रसाद तेंदुलकर के निर्देशन में महात्मागांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क पतरकोनी में जगत जननी महिला स्व सहायता समूह और बारीउमराव में बिन्दिया महिला स्व सहायता समूह द्वारा धान सहित एवं अन्य विभिन्न प्रकार की फैंसी राखियों का निर्माण किया गया। राखियों की कीमत 10 रूपये से लेकर 80 रूपये तक है। समूह की महिलाओं ने रखी बिक्री हेतु कलेक्ट्रेट परिसर में स्टाल लगाए हैं। कलेक्टर ने स्वयं समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित राखी खरीदने लोगों से अपील की है। महिलाओं ने विभिन्न कार्यालयों में भी जाकर अपने राखी का प्रदर्शन किया। अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता आनंद डोंगरे, परियोजना निदेशक श्री कौशल प्रसाद तेंदुलकर सहित अन्य अधिकारियों ने भी उनसे राखियां खरीदी। जिला मिशन प्रबंधक श्री दुर्गाशंकर सोनी ने बताया कि महिला समूहो ने अलग-अलग लगभग 20 हजार से अधिक राखियों का निर्माण किया है। जिसे विक्रय हेतु शहर के विभिन्न चौक चौराहों एवं जनपदों मे स्टॉल लगाया गया है। अभी तक 7500 रूपये से अधिक की राखियों का विक्रय किया जा चुका है और लगातार विक्रय किया जा रहा है।