मोहला, 19 जून 2025/sns/- जिले में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर तहसील कार्यालय परिसर में आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। साथ ही जिले में स्थानीय शालाओं में जाति प्रमाण पत्र शिविर भी आयोजित किए जा रहे है। जिससे जनजातीय बच्चों को भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं में सीधा लाभ मिल सके।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है जनजातीय समाज को दस्तावेजों के माध्यम से अधिकारों से जोड़ना जिससे उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके। शिविर में विशेष रूप से ऐसे हितग्राहियों का प्रमाण पत्र बनाया गया। जिन्हें आज तक यह सुविधा नहीं मिल पाई थी। अब वे आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र के माध्यम से छात्रवृत्ति, राशन कार्ड, छात्रावास प्रवेश, सरकारी नौकरियों में आरक्षण सहित अनेक योजनाओं के पात्र बन पाएंगे।
जनजातीय समुदाय के लोगों ने कहा कि, पहले हमें अपने बच्चों की जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दूर-दराज तहसील आना पड़ता था। आज गांव के पास ही सब व्यवस्था मिलने से बहुत राहत मिली। हमें शासन की योजनाओं से जोड़ने का अवसर मिल रहा है। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान केवल शिविर नही, पहचान और सम्मान देने की दिशा में एक सशक्त कदम है। यह जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का एक सेतु है।


