गौरेला पेंड्रा मरवाही, 29 जून 2023/ कलेक्टर श्रीमती प्रियंका ऋषि महोबिया ने बुधवार को गौरेला विकासखंड के पर्यटन स्थल ठाढ़पथरा में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों के साथ ही विवेकानंद आश्रम, दुर्गा धारा आश्रम और पशु प्रजनन प्रक्षेत्र एवं बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र पकरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रम संचालक स्वामी सुद्धात्मानंद से मिलकर आश्रम में रह रहे बच्चों खास कर बैगा बच्चों को मिल रही मदद के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने आश्रम के बच्चों के लिए बेहतर अध्ययन, अध्यापन, भोजन, पानी, स्वास्थ्य सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन स्थल ठाढ़ पथरा में चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने कहा। उन्होंने पशु प्रजनन एवं बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र पकरिया का भी अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ ललित शुक्ला, जनपद सीईओ गौरेला डॉ संजय शर्मा, नायब तहसीलदार श्री अविनाश कुजुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।