सुकमा, 24 मई 2023/ जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन आज स्वामी विवेकानंद युवा केंद्र परिसर सभा भवन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले में विकासखंड स्तर पर हुए रामायण मंडली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त विजेता टीमों ने भाग लिया। जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में शिव शक्ति मैत्री मानस मंडली सुकमा प्रथम और मुसरिया माता रामायण मानस मण्डली छिंदगढ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
शिव सक्ति मैत्री मानस मंडली सुकमा के सदस्य ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोक परंपरा, खेल, खान-पान एवं जीवन शैली को सहेजने और बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की मानस मंडलियों एवं कलाकारों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से पूरे राज्य भर में रामायण मानस मण्डली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस पहल से निश्चित ही हमारे युवा पीढ़ी को अपने परंपरा और संस्कृति से परिचित होने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री की यह पहल बहुत ही सराहनीय है।
प्रतियोगिता में शिव शक्ति मैत्री मानस मंडली सुकमा और मुसरिया माता रामायण मानस मण्डली छिंदगढ़ ने श्री राम चरित्र मानस के अरण्य कांड पर आधारित प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्यगण में श्री कोमल देव मरकाम मंडल संयोजक सुकमा, श्री भोजपाल सिंह सांख्यिकी अधिकारी आदिवासी विकास शाखा, श्री सोनु राम यादव मंडल संयोजक कोंटा सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। मंच का संचालन श्री हरिकुमार कौशिक ने किया।