गौठानों में गोबर खरीदी रखें जारी, लापरवाही करने पर होगी कार्यवाही सुकमा 21 अप्रैल 2023/ कलेक्टर श्री हरिस. एस ने गोधन न्याय योजना अन्तर्गत जिले के गौठानों में संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गौठानों को स्वावलंबी गौठान बनाने में प्रबंधन समिति की भूमिका अहम है। इसके लिए सभी गोठान प्रबंधन समिति प्राथमिकता के साथ गौठानों में नियमित रूप से गतिविधियों का संचालन करें। इसी क्रम में जिले में कुछ गौठानों गतिविधियां संचालित नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने प्रबंधन समिति के सदस्यों से कहा कि गौठानों में सक्रियता के साथ गतिविधियों का सफलतापूर्वक संचालन करें और इसकी नियमित रूप से निगरानी करें।
कलेक्टर ने गौठानों में शीघ्र ही पर्याप्त पानी की व्यवस्था कराने कहा। जिले के गौठानों में हो रही गोबर खरीदी की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही बंद पड़े गोठानों में भी जल्द से जल्द गोबर खरीदी प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि स्वावलंबी गौठानों समेत शेष गौठानों में किसी भी परिस्थिति में गोबर खरीदी का कार्य बंद न करें, खरीदी कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही नोडल अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए वर्मी कम्पोस्ट निर्माण एवं भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नियमित तौर से मल्टीएक्टीविटी का कार्य संचालन करने कहा।
कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित गोठान समितियों के अध्यक्ष व सदस्यों से गौठानों में उपलब्ध संसाधनों, पशुधन के लिए भरपूर चारा, पानी की उपलब्धता, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण एवं विक्रय, शेड निर्माण, तार फेंसिंग, मुर्गी पालन, सब्जी उत्पादन, चारागाह विकास सहित गौठानों में संचालित अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौठानों में कम समय में तैयार होने वाले फसलों जैसे सब्जी-भाजी का उत्पादन करके स्थानीय लोगों के पास विक्रय करें जिससे समूह को कम समय में अतिरिक्त आय अर्जित करने में सहूलियत होगी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री डीएन कश्यप, वन मंडलाधिकारी श्री थ्रेजेस एस. सहित अन्य अधिकारीगण, कर्मचारी और गौठान प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व सदस्य उपस्थित थे।
184./2023