धान को पलटी कराकर और ढेरी लगाकर खरीदने के दिए निर्देश
कलेक्टर ने किया ग्राम लौदा में धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण
मुंगेली, नवम्बर 2022// कलेक्टर श्री राहुल देव आज पथरिया विकासखंड के ग्राम लौदा पहुंचे। उन्होंने वहां धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने समिति प्रभारी को उपार्जन केन्द्र में धान खरीदी का कार्य शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप खरीदने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा उपार्जन केंद्र में समर्थन मूल्य पर विक्रय के लिए लाए गए धान को पलटी कराकर और ढेरी लगाकर ही खरीदें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की स्पष्ट मंशा है कि धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों को किसी भी प्रकार से समस्या नहीं होनी चाहिए। धान खरीदी कार्य से किसान संतुष्ट हो। किसानों की संतुष्टि ही शासन की सर्व प्राथमिकता है। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि छोटे किसानों का धान एक ही बार में खरीदें, जिससे उन्हें धान उपार्जन केन्द्र बार-बार आना न पड़े। उन्होंने वहां धान की गुणवत्ता का अवलोकन किया और नमी मापक यंत्र से धान की नमी का जांच भी किया। उन्होंने धान खरीदी के दौरान धान की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को भी धान को साफ और सुखाकर लाने की समझाईश दी। कलेक्टर स्टेकिंग कार्य का अवलोकन किया और व्यवस्थित रूप से स्टेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने समक्ष धान तौल भी कराया। कलेक्टर ने कहा कि जिले में धान कटाई और मिसाई कार्य जोरों पर है। आने वाले समय में धान उपार्जन केन्द्रों में धान की आवक में बढ़ोत्तरी होगी। इसे ध्यान में रखते हुए सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी कार्य व्यवस्थित रूप करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्र में बारदाने की उपलब्धता, टोकन व्यवस्था, अब तक की धान खरीदी की मात्रा और कुल उठाव, किसानों के लिए धान उपार्जन केंद्र में पेयजल, शौचायल, बैठक व्यवस्था आदि का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, एसडीएम पथरिया श्रीमती प्रिया गोयल, एसडीएम मुंगेली सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।