मुंगेली, नवम्बर 2022// कलेक्टर श्री राहुल देव के मार्गदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.एस. राजपूत ने विगत दिनों विकासखण्ड पथरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत हथनीकला में धान उपार्जन केंद्र और माॅडल गौठान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने धान उपार्जन केंद्र में धान विक्रय हेतु पंजीकृत किसानों को जारी टोकन के आधार पर धान खरीदी करने के निर्देश दिये। उन्होने केंद्र में धान की नमी, वास्तविक तौल एवं धान की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होने कहा कि धान उपार्जन केंद्र में धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।
जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत हथनीकला में माॅडल गौठान एवं ग्राम लौदा में निर्माणाधीन गौठान का निरीक्षण किया और गौठान में गोबर खरीदी प्रारंभ करने, टांको के लिए शेड निर्माण एवं आजीविकामूलक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिये। उन्होने ग्राम पंचायत बिरगांव में कचरा कलेक्शन संेटर का निरीक्षण कर स्व सहायता समूह से कचरा संग्रहण के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिये। इस अवसर पर जनपद पंचायत पथरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मनरेगा के सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, तकनीकी सहायक सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।