छत्तीसगढ़

जिले में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का हुआ आगाज

ग्राम जरहागांव में आयोजित क्लब स्तर खेल में कलेक्टर श्री देव ने बिल्लस खेलकर बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

मुंगेली, अक्टूबर 2022// राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेल गतिविधियों में ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राजीव युवा मितान क्लब के सौजन्य से आज 06 अक्टूबर से ग्राम पंचायतों में ग्राम स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल का आगाज हो गया है। ग्राम स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक जिले के सभी 370 ग्राम पंचायतों में 11 अक्टूबर तक आयोजित होगी। ग्राम पंचायत स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में बच्चों से लेकर बड़ों में उत्साह देखा गया। ग्राम पंचायत स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में ग्रामीण प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ पारम्परिक खेल गिल्ली-डंडा, पिट्ठुल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकस्सी, बांटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेंड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लम्बी कूद में बढ़-चढ़ कर भाग लिया। कलेक्टर श्री राहुल देव ने विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम जरहागांव में आयोजित ग्राम पंचायत स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में बिल्लस खेल खेलकर छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक की शुरूआत की। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा पारम्परिक खेल गतिविधियों में ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक की शुरूआत की है। उन्होंने छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल में प्रतिभागियों को बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेकर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की बात कही। राजीव गांधी युवा मितान क्लब के जिला समन्वयक श्री दुर्गा बघेल ने भी खिलाड़ियों को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने की समझाईश दी। इस अवसर पर एसडीएम श्री अमित कुमार, राजीव गांधी शिक्षा मिशन के जिला मिशन समन्वयक श्री वाचस्पति सिंह, जनपद पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री भूमिका देसाई सहित विभिन्न खेल संघो के खेल पदाधिकारी, कोच, मेनेजर, खिलाडी एवं खेल प्रेमी, विभिन्न मीडिया के प्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेल गतिविधियों में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 14 पारम्परिक खेल गिल्ली-डंडा, पिट्ठुल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकस्सी, बांटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेंड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लम्बी कूद का आयोजन किया जा रहा है। इस खेल प्रतियोगिता के प्रथम वर्ग में 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग और तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र तक के खेल में बच्चों से लेकर महिला एवं पुरूष वर्ग के प्रतिभागी बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे है। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों के 06 स्तर निर्धारित किये गये है। इसके अनुसार पहले ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र स्तर पर राजीव गांधी युवा मितान क्लब में खेलों का आयोजन नाकआउट पद्धति से होगा। दूसरा स्तर जोन है जिसमें आठ राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा। तीसरे स्तर पर विकासखण्ड तथा नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंत में राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होगी।
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में सबसे पहले राजीव युवा मितान क्लब स्तर के आयोजन 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2022 तक होंगे। वही जोन स्तर का आयोजन 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक होंगे। विकासखंड स्तर पर 27 अक्टूबर से 10 नवंबर तक आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर 17 नवंबर से 26 नवंबर तक और संभागीय स्तर पर आयोजन 5 दिसंबर से 14 दिसंबर के बीच होगा। वहीं राज्य स्तर पर छत्तीसगढ़ी ओलंपिक का अंतिम चरण 28 दिसंबर 2022 से 06 जनवरी 2023 तक आयोजित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *