जांजगीर-चांपा, 08 अक्टूबर 2025/sns/- उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज जिले के चार नगरीय निकायों में 316.29 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित अटल परिसर एवं विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 249 लाख रुपए की लागत से एसटीपी निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने आज नगर पंचायत पामगढ में़ 19.95 लाख रुपए की लागत से, नगर पंचायत राहौद के बुंदेला चौक में 19.95 लाख रुपए की लागत से, नगर पंचायत खरौद में 19.93 लाख रुपए की लागत से एवं नगर पंचायत नवागढ़ के हाट बाजार परिसर वार्ड क्रमांक 12 में 19.95 लाख रुपए की लागत से नव निर्मित अटल परिसर का विधिवत लोकार्पण किया।
इसके साथ ही नगर पंचायत राहौद के वार्ड क्रमांक 8 में सांस्कृतिक भवन लागत 11 लाख रुपए, देवांगन समाज धर्मशाला में अतिरिक्त कक्ष लागत 10 लाख रुपए, वार्ड क्रमांक 15 में सामुदायिक भवन लागत 15 लाख रुपए एवं वार्ड क्रमांक 10 में पकरिया पारा में स्कूल के पास सांस्कृतिक भवन लागत 10.42 लाख रुपए, नगर पंचायत खरौद में सी.सी. रोड निर्माण कार्य वार्ड क्रमांक 06 व 13 के पांच विभिन्न मार्गों पर 22.45 लाख रुपए की लागत से पूर्ण, वार्ड क्रमांक 13 में पुलिया से मुक्तिधाम तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य 27.41 लाख रुपए, शबरी देवी शिक्षा समिति भवन निर्माण कार्य 9.99 लाख रुपए एवं वार्ड क्रमांक 07 में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य 9.83 लाख रुपए, गांधी चौक, मुक्तिधाम, लक्ष्मणेश्वर मंदिर, शीतला मंदिर एवं कंपाटनी मंदिर परिसर में पेवर ब्लॉक कार्य 95.84 लाख रुपए एवं नवागढ़ नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 में सांस्कृतिक भवन निर्माण लागत 24.57 लाख रुपए के कार्य का भी लोकार्पण किया एवं 249 लाख रुपए की लागत से एसटीपी निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर विधायक जांजगीर-चांपा श्री ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदिनी राजवाड़े, नगर पंचायत पामगढ़ अध्यक्ष श्रीमती गौरी जांगड़े, नगर पंचायत रहौद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा कश्यप, नगर पंचायत खरौद अध्यक्ष श्री गोविंद यादव, नगर पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष श्रीमती अर्चना देवांगन, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, श्री गुलाब सिंह चंदेल, श्री अमर सुलतानिया, श्री प्रशांत ठाकुर, इजी. रवि पांडेय सहित पार्षदगण, विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक गण उपस्थित थे। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता हैं। उनके सम्मान में राज्य के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर का निर्माण किया जा रहा है। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने गांव, किसान और आम जनता के लिए ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की। जिनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव गांव तक पहुंच और विकास संभव हो पाया और किसान क्रेडिट कार्ड योजना, जिससे ग्रामीण विकास और किसानों को शून्य ब्याज पर ऋण संभव हुआ। उन्होंने ही छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की नींव रखी। आज छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया कहा जाता है, तो उसका श्रेय अटल जी की दूरदृष्टि को जाता है। उन्होंने कहा कि अटल परिसर, पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की राष्ट्र सेवा, विकास के प्रति दृष्टिकोण और आदर्श मूल्यों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा, यह परिसर केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने वाला केंद्र बनेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की हर एक गारंटी को पूरा करने का काम तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार हर वादा पूरा कर रही है और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर रही है।
विधायक जांजगीर-चांपा श्री ब्यास कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ राज्य के वास्तविक निर्माता हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की वर्षों पुरानी आकांक्षा को समझा और उसे साकार कर एक नया इतिहास रचा। आज हम उनके आदर्शों और योगदान को स्मरण करते हुए उनकी प्रतिमा एवं परिसर का लोकार्पण कर रहे हैं यह वास्तव में अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायक क्षण है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक कुशल राजनेता थे, बल्कि एक दूरदर्शी राष्ट्रनायक भी थे, जिनके विचार और आदर्श आज भी हमें दिशा देते हैं। उनकी प्रतिमा को देखकर आने वाली पीढ़ियाँ उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेंगी।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल ने अपने संबोधन में कहा कि आज जिले की पावन धरती पर, समस्त नगरीय निकायो में भारत रत्न स्व.श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है। यह केवल प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की आत्मा और अस्मिता को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल जी ने न केवल छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं को समझा, बल्कि उसे साकार भी किया। वर्षों से हमारे पुरखे यह सपना देखते आ रहे थे कि हमर छत्तीसगढ़ एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आए, पर उसे पूरा करने का ऐतिहासिक कार्य भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया।
पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी न केवल हमारे प्रदेश के निर्माता रहे, बल्कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आज छत्तीसगढ़ तेजी से प्रगति कर रहा है। योजनाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुँचाया जा रहा है।इस अवसर विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
चारो नगरीय निकायों को कुल 9.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की मिली सौगात
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज पामगढ़ में नगर पंचायत भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ तथा नगर विकास कार्यों के लिए 1 करोड़, कुल 2 करोड़ रूपए की सौगात दी गई। वहीं राहौद के विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए, नगर पंचायत खरौद के विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपए एवं नगर पंचायत नवागढ़ विकास कार्यों के लिए 2.50 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई, जिससे स्थानीय बुनियादी सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।