छत्तीसगढ़

गुण्डाधूर सम्मान वर्ष 2022-23 के लिए 10 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

कवर्धा, सितम्बर 2022। संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा 1 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सर्वोत्कृष्ट खिलाड़ियों को दिए जाने वाले गुण्डाधूर सम्मान वर्ष 2022-23 के लिए 10 अक्टूबर, 2022 तक निर्धारित प्रारूप में अनुशंसाएं आमंत्रित की गई है। गुण्डाधूर सम्मान से अलंकृत खिलाड़ियों को 01 लाख रूपए नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।

चयन के मापदण्ड

जिला खेल अधिकारी श्रीमती आरती पाण्डेय ने बताया कि गुण्डाधूर सम्मान ऐसे पात्र खिलाड़ियों को दिए जाऐंगे जिन्होंने वर्ष 2021-22 में ऐसे खेल जिन्हें भारत सरकार युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खेल अंलकरण के लिए विचार क्षेत्र में लिया जाता है, के सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेते हुए स्वर्ण पदक या रजत पदक या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। इस सम्मान के लिए उन खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर विचार किया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी है या उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में छत्तीसगढ़ राज्य की किसी मान्यमा प्राप्त शैक्षणिक संस्था में नियमित अध्ययनरत है या उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय, अर्द्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में निरंतर कार्यरत है। सम्मान के लिए वर्ष की गणना 1 अप्रैल 31 मार्च तक होगी। यह सम्मान विभाग के अन्य खेल पुरस्कारों के अलावा होगा जो खिलाड़ी को उसकी उपलब्धियों के लिए दिया गया है, लेकिन महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान से अलंकृत खिलाड़ी इस सम्मान को प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं होंगे।
उन्होंने बताया कि यदि किसी खिलाड़ी या दल को उपलब्धि वर्ष या सम्मान वर्ष में मान्यता प्राप्त खेल संगठन द्वारा राज्य या राष्ट्रीय चैम्पियनशिप से निष्कासित किया गया हो तो उसे संबंधित वर्ष के लिए यह सम्मान प्राप्त करने की पात्रता नहीं होंगी। उक्त नियमों को विभाग के जिला स्तरीय कार्यालयों में भी देखा जा सकता है तथा निर्धारित प्रपत्र का प्रारूप प्राप्त किया जा सकता है। अनुशंसा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2022 है। विभागीय वेबसाईट में आवेदन का प्रारूप प्राप्त किया जा सकता है। इस अवधि में अनुशंसा पत्र संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, जी.ई. रोड, रायपुर अथवा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला कार्यालय में कार्यालयीन दिवस एवं समय पर प्रस्तुत किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *