छत्तीसगढ़

जिला पंचायत सीईओं ने सहसपुर लोहारा विकासखंड के गौठानों का किया निरीक्षण

गौठानों में विभिन्न आर्थिक गतिविधियां संचालित करने के दिए निर्देश

कवर्धा, जुलाई 2022। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप कुमार अग्रवाल ने गत दिवस सहसपुर लोहारा विकासखंड के विभिन्न गौठानों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम बचेड़ी, इरिमकसा, धनगांव और बिरेन्द्रनगर के गौठान में स्व सहायता समूह की महिलओं से गौठान में चल रहे कार्यो की जानकारी ली।
जिला पंचायत सीईओं श्री अग्रवाल ने ग्राम बचेड़ी के गौठान में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, विक्रय एवं भुगतान राशि की जानकारी ली। उन्होंनें कहा कि शासन के मंशानुरूप गौठानों को रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क के रूप में विकसित किया जाना है। इसके लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएगी। इसके अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए कार्य शेड निर्माण, दाल मिल, बिजली कनेक्शन और अतिक्रमित चारागाह को मुक्त कर बाड़ी विकास कार्य के लिए निर्देशित किया। उन्होंने इरिमकसा गौठान में दाल मील, शेड निर्माण सहित मछली पालन करने के लिए निर्देश दिए। ग्राम धनगांव के गौठान में सब्जी बाड़ी एवं डबरी निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। ग्राम बिरेन्द्रनगर गौठान में स्व-सहायता समूह की महिलाओं के कार्य करने के लिए शेड़ निर्माण, मछली पालन एवं बाड़ी विकास कार्य के लिए निर्देश दिए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रवाल ने कहा कि गौठान में कार्यरत स्व-सहायता समूह के महिलाओं के लिए आर्थिक स्थिति बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जाए। प्रति सदस्य आमदनी बढ़ाने के लिए गौठान में एक से अधिक गतिविधियां संचालित होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान लोहारा जनपद सीईओ सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *