मुंगेली 10 मई 2022// कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह ने आज प्रातः जिला मुख्यालय स्थित आनंदाश्रम और बाल गृह का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आनंदाश्रम में रसोईघर, शौचालय, शयन कक्ष आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आनंदाश्रम में रह रहे वृद्धजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यहां रह रहे वृद्धजनों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। आनंदाश्रम में रह रहे वृद्धजन श्री सतानंद सोनी ने बताया कि यहां व्यवस्था अच्छी है। भोजन समय पर मिलता है। भोजन की गुणवत्ता भी अच्छी है।
कलेक्टर डाॅ. सिंह ने आनंदाश्रम की नियमित साफ-सफाई करने और मरम्मत एवं परिसर को आकर्षक स्वरूप देने हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला मुख्यालय में संचालित बालगृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे बालकों से रूबरू होते हुए बालगृह में दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बालकों से पढ़ाई के संबंध में पूछा और मन लगाकर पढ़ाई करने की बात कही। बालकों ने बताया कि बाल गृह में व्यवस्था अच्छी है। इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम श्री अमित कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दशरथ सिंह राजपूत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
