धमतरी 16 फरवरी 2022/ राज्य शासन की महत्ती नरवा, गरवा, घुरूवा, बारी योजना के तहत जिले के गौठानों में कार्यरत महिला समूहों को कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा के मार्गदर्शन में आर्थिक रूप से सशक्त करने की कवायद की जा रही है। इसके लिए गौठानों में सक्रिय महिला समूहों को मल्टी एक्टिविटी से जोड़ने प्रयास जारी है। उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं श्री एम.एस.बघेल ने बताया कि आज इसी तारतम्य में धमतरी के सेहराडबरी की जय जरही माता महिला स्व सहायता समूह, जय बुढ़ादेव समूह सारंगपुरी, गोकुलधाम स्व सहायता समूह भटगांव, भूमि स्व सहायता समूह देवपुर, वंदना स्व सहायता समूह झुरानवागांव के आजीविका संवर्द्धन के लिए पांच बकरी इकाई स्थापित किया गया। इस दौरान स्व सहायता समूह की महिलाओं को बकरी पालन का प्रशिक्षण और औषधि वितरण भी किया गया।
गौरतलब है कि भटगांव स्थित गौठान में महिला समूह द्वारा लेमनग्रास की खेती और उससे तेल निकालने का कार्य, सब्जी बाड़ी, मशरूम उत्पादन पहले से ही किया जा रहा है। अब इसमें बकरी पालन की गतिविधि भी जुड़ गई है। इससे भटगांव के दो स्व सहायता समूह गोकुलधाम और जय भवानी माता की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त होने में मदद मिलेगी। इसी तरह सेहराडबरी स्थित गौठान में कार्यरत जय जरही माता स्व सहायता समूह की महिलाएं पहले से ही सब्जी उत्पादन का कार्य कर रहीं हैं और अब इसमें बकरी पालन का कार्य भी जुड़ गया है। आने वाले समय में यह समूह मुर्गी पालन और मशरूम उत्पादन की गतिविधियां भी करेगा। इसके लिए बिहान के तहत तैयारियां की जा रहीं हैं। क्रमांक-65/1485/इस्मत