छत्तीसगढ़

गोठानों से जुड़कर किसान हो रहे जैविक खेती की ओर अग्रसर

अम्बिकापुर 1 फरवरी 2022/ कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा के निर्देशन और मार्गदर्शन में सरगुजा के किसान अब जैविक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उनके निरंतर प्रयास से राज्य शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना का सफल क्रियान्वयन गोठानों में किया जा रहा है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए लीचिरमा गोठान में वर्मी कम्पोस्ट के प्रयोग को बढ़ावा देकर ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। आस-पास के किसानों को लगातार वर्मी कम्पोस्ट खाद तथा सुपर वर्मी कम्पोस्ट के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रगतिशील कृषक श्री जंगसाय ने इस खरीफ वर्ष 2021-22 में लीचिरमा गोठान से 15 क्विंटल केंचुआ खाद क्रय किया, जिसे वे ग्रीष्म कालीन धान उत्पादन व हाइब्रिड टमाटर उत्पादन हेतु उपयोग कर रहे हैं। कृषक ने बताया कि वह अपने 8 एकड़ खेत मे जैविक खेती करते हुए गोठान में बने वर्मी कम्पोस्ट का प्रयोग कर धान की फसल लगाई है। इसमें किसी भी प्रकार के रासायनिक खाद का प्रयोग नहीं किया गया है। पिछले कई वर्षों से लगातार रासायनिक खाद व उर्वरकों के प्रयोग से खेत की मिट्टी कठोर होने लगी थी साथ ही फसल का उत्पादन भी प्रभावित हो रहा था। इसलिए अब प्रति वर्ष खेतों में केंचुआ खाद का उपयोग करना है जिससे खेत की भौतिक स्थिति में सुधार हो व विष रहित ऑर्गेनिक फसल मिल सके। कृषक जंगसाय ने बताया कि वह बटेर पालन करते हुए 300 नग बटेर भी रखा है।
जिले के किसान बड़ी संख्या में गोठान से जुड़कर व्यापक स्तर पर जैविक खाद व जैविक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं। इससे उन्हें महंगे रासायनिक खाद से छुटकारा मिलेगी तथा ऑर्गेनिक शुद्ध फसल मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *