जगदलपुर, जनवरी 2022/ मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य शासन का अत्यंत महत्वपूर्ण योजना में से एक है। उन्होंने कहा कि सभी जिला कलेक्टर एवं अधिकारी यह सुनिश्चित करें की कोई भी पात्र कृषक निर्धारित रकबे के अनुसार धान खरीदी से वंचित न रहें। बैठक में श्री जैन ने अधिकारियों को धान खरीदी के कार्य सम्पन्न होने के पश्चात सभी धान खरीदी केन्द्रों में खरीदे गए धान की सुरक्षा के उपाय भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव श्री जैन ने आज राज्य के सभी संभागायुक्तों, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों की वीडियो काॅफ्रेंसिंग लेकर कोरोना वायरस के नियंत्रण हेतु की जा रही कार्यवाही, समर्थन मुल्य पर धान खरीदी के कार्य, जल जीवन मिशन के कार्य की प्रगति, उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में विशेष वर्ग के राशन कार्ड बनाए जाने के कार्य की विस्तृत समीक्षा की। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान कलेक्टोरेट जगदलपुर के एनआईसी कक्ष में संभागायुक्त श्री श्याम घावड़े, कलेक्टर श्री रजत बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित व्यास सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।