मुंगेली दिसम्बर 2021// राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2021-2022 हेतु जिले में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 01 दिसम्बर से नियमित रूप से किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अजीत वसंत द्वारा 01 दिसम्बर से ही धान उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण एवं अवलोकन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में उन्होने आज विकास खण्ड मुंगेली के धान उपार्जन केंद्र मदनपुर और झगरहट्टा का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होने धान विक्रय करने पहुॅचे किसानों से रूबरू होते हुए उनसे धान की रकबा, उपार्जन केंद्र में लाये गये धान की मात्रा और उन्हे मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होने कहा कि धान विक्रय में किसी भी किसान को समस्या नहीं होगी। सभी पंजीकृत किसानों का धान खरीदा जाएगा। इस अवसर पर कलेक्टर श्री वसंत ने धान खरीदी केंद्रों में धान की गुणवत्ता, अद्रतामापी यंत्र, मेनुअल कांटा-बांट के अलावा तौल हेतु उपलब्ध इलेक्ट्रानिक मशीन आदि का निरीक्षण किया। उन्होने समिति प्रबंधकों को कोचियों और बिचोलियों पर निगाह रखने और जीरो शार्टेज का लक्ष्य रखकर खरीदी के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी श्री रोहित व्यास, मुंगेली अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अमित कुमार भी मौजूद थे।
