मोहला, 27 मार्च 2026/sns/-नवीन जिला मोहला-मानपुर-अं.चौकी को किसानों के हित में एक बड़ी उपलब्धि मिली है। राज्य शासन के महत्वपूर्ण निर्णय के तहत जिले को प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम आशा ) की प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) में शामिल करते हुए केंद्रीय एजेंसी नेफेड के कार्यक्षेत्र में अधिसूचित किया गया है।
इससे अब जिले के किसान खरीफ 2025-26 एवं रबी 2026-27 में दलहन एवं तिलहन फसलों को समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे। जिले में फसल चक्र परिवर्तन, दलहन-तिलहन के रकबे में वृद्धि और उपज के बेहतर विपणन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकासखंड मोहला के गोटाटोला एवं विकासखंड
अं.चौकी के आमाटोला को उपार्जन केंद्र के रूप में चयनित किया गया है। डिजिटल क्रॉप सर्वे डेटा में तकनीकी समस्या के चलते किसानों को पंजीयन में हो रही परेशानी को देखते हुए अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 से बढ़ाकर 31 मार्च 2026 कर दी गई है, जिससे अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ ले सकें।
- समर्थन मूल्य पर विक्रय के लिए पंजीयन में इन बातों का रखना होगा ध्यान
समृद्धि पोर्टल के माध्यम से किसानों का पंजीयन किया जा रहा है, ताकि वे अपनी फसल को निर्धारित समर्थन मूल्य पर बेच सकें। रबी फसलों में चना 5875 रुपये प्रति क्विंटल (6 क्विंटल प्रति एकड़), मसूर 7000 रुपये प्रति क्विंटल (2 क्विंटल प्रति एकड़) और सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल (5 क्विंटल प्रति एकड़) के हिसाब से खरीदी होगी। वहीं खरीफ 2025 में अरहर 8000 रुपये, उड़द 7800 रुपये और मूंग 8768 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की गई थी। आगामी सीजन में भी समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित की जाएगी। किसानों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी फसल गिरदावरी में दर्ज हो और एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन पूर्ण हो, ताकि उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।


