छत्तीसगढ़

जनगणना-2027 के लिए रायगढ़ में व्यापक तैयारी, कलेक्ट्रेट में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

रायगढ़, 27 मार्च 2026/sns/- राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जनगणना-2027 की तैयारी को लेकर जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण पूरे जनगणना कार्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के 47 फील्ड प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह सत्र 29 मार्च तक संचालित होगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात सभी फील्ड प्रशिक्षक अपने-अपने तहसीलों में चार्ज अधिकारियों के मार्गदर्शन में 8 से 24 अप्रैल तक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जिले में जनगणना कार्य सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसे शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति या परिवार गणना से वंचित न रहे, क्योंकि अपूर्ण या त्रुटिपूर्ण आंकड़े विकास योजनाओं की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकते हैं। प्रशिक्षण सत्र में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी, प्रशासनिक एवं विधिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही फील्ड स्तर पर कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना किया जाएगा। वहीं द्वितीय चरण का कार्य फरवरी 2027 में संपन्न होगा। इस बार जनगणना का कार्य डिजिटल रुप से मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन कर किया जाएगा।जनगणना निदेशालय से राज्य मास्टर ट्रेनर श्री शिवम दास एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री विकास सिन्हा ने प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, मैदानी क्रियान्वयन, तकनीकी उपयोग तथा कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की विधि, जनगणना में प्रयुक्त अवधारणाएं एवं परिभाषाएं, एचएलबी सीमाओं का ग्राउंड ट्रुथिंग, लेआउट मानचित्रों की तैयारी तथा एचएलओ मोबाइल ऐप के उपयोग और इसकी विशेषताओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *